गोवा के सिमटते समुद्र तट पर बनी ताजा और विचारोत्तेजक लघु फिल्म ‘ओड’ ने आज गोवा में 54वें भारत अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव में आयोजित ‘75 क्रिएटिव माइंड्स ऑफ टुमॉरो’ (सीएमओटी) में सर्वश्रेष्ठ फिल्म का पुरस्कार जीता।
विजेताओं को बधाई देते हुए, सूचना और प्रसारण मंत्रालय के संयुक्त सचिव (फिल्म) एवं एनएफडीसी के प्रबंध निदेशक श्री पृथुल कुमार ने फिल्म निर्माण के क्रम में सही कंटेंट को पहचानने के महत्व पर प्रकाश डाला, जो भारत को वैश्विक स्तर पर स्थापित करेगा। उन्होंने कहा, “सीएमओटी देश भर की उन युवा रचनात्मक प्रतिभाओं के लिए सबसे अच्छा मंच है जो अच्छे कंटेंट वाली फिल्में बनाने के प्रति समर्पित हैं।”
इस अवसर पर बोलते हुए, 75 सीएमओटी के जूरी सदस्यों में से एक, निर्देशक शूजीत सरकार ने कहा कि आत्म-निरीक्षण, आशा, विरोध आदि जैसी सभी भावनाओं को प्रदर्शित करते हुए 'द मिशन लाइफ' विषय पर 48 घंटों में एक लघु फिल्म बनाना अविश्वसनीय है।
इस प्रतियोगिता में शामिल सभी फिल्मों की टीम के सदस्यों को बधाई देते हुए, शूजीत सरकार ने कहा कि सभी फिल्में वास्तव में प्रासंगिक व विचारोत्तेजक हैं और पर्यावरण की रक्षा एवं संरक्षण के एक बेहद ही महत्वपूर्ण विषय से संबंधित हैं। उन्होंने कहा, “आप सभी पहले से ही विजेता हैं।”
ओड के बारे में: मछुआरा मार्सेलिन पार्किंग की जगह ढूंढने की कोशिश करते हुए अपनी नाव को शहर के बीच में ले जाता है। उसकी शिकायत है कि समुद्र तट चोरी हो गया है और उसके पास अपनी नाव खड़ी करने के लिए कोई जगह नहीं बची है। यह फिल्म समुद्र के स्तर में वृद्धि और समुद्र तटों पर बड़े पैमाने पर हो रहे निर्माण के कारण गोवा के सिमटते समुद्र तटों के मुद्दे पर प्रकाश डालती है। Courtesy - PIB delhi
Know more - Click here


No comments: